छिंदवाड़ा 22 जून (आरएनएस)।छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर एक पिकअप वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर दूर जा गिरे। हादसा सोमवार सुबह करीब 10 बजे टेमनी खुर्द के पास हुआ।
मृतकों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। जिला अस्पताल में अब तक 20 घायल लाए जा चुके हैं। इनमें एक गंभीर रूप से घायल है, जिसे मेडिकल कॉलेज, नागपुर रेफर किया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अस्पताल में मौजूद हैं। 20 से 25 डॉक्टर घायलों के उपचार में जुटे हैं। सर्जिकल आईसीयू में 3 मरीज भर्ती हैं। ऑर्थोपेडिक्स विभाग में 4 मरीज भर्ती हैं, जबकि 3 घायलों का ओटी में इलाज चल रहा है।
सभी मजदूर मछैरा के रहने वाले हैं। हादसे में मृत सावित्री वनके (31) के पति सुरेश सिंह ने बताया कि सभी लोग सब्जी तोडऩे सुबह 9 बजे कन्हरगांव के लिए निकल रहे थे। पिकअप मजदूरों को लेने के लिए खड़ा था। पीछे से यूरिया से भरा ट्रक आ रहा था, जिसने पिकअप को टक्कर मार दी। पिकअप में 20-25 मजदूर थे।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं।घायलों को 108 की सहायता से जिला अस्पताल लाया गया। 16 घायलों को आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। 5 लोगों की हड्डियां टूटी हैं, बाकी के सिर पर चोट है।
घायलों को अस्पताल लाने में स्थानीय लोगों ने भी मदद की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।

