बलौदाबाजार-कसडोल, 23 जून (आरएनएस)। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खर्वे में पिछले चार महीनों के दौरान हुई आठ संदिग्ध मौतों की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में गांव के ही निवासी रामसहाय जायसवाल (46 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश, मानसिक कुंठा और व्यक्तिगत प्रतिशोध के चलते अपने परिचित आठ लोगों को शराब में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति की हत्या का प्रयास भी किया।

पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को ग्रामीणों ने एसडीओपी कसडोल को आवेदन देकर फरवरी से मई के बीच गांव में हुई आठ संदिग्ध मौतों की जांच की मांग की थी। ग्रामीणों ने रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और सात मृतकों के शवों का उत्खनन कर पोस्टमार्टम तथा फोरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा। एक मृतक का पहले ही अंतिम संस्कार किया जा चुका था।
कुत्ते पर किया जहर का परीक्षण, फिर शुरू किया मौत का खेल
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले चूहे मारने की दवा के नाम पर “सुहागा” नामक जहरीला पदार्थ हासिल किया। उसने सबसे पहले एक कुत्ते पर इसका परीक्षण किया। परीक्षण सफल होने के बाद उसने गांव के लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब में जहर मिलाकर एक-एक कर अपने परिचितों को पिलाया। आरोपी ने हत्या के पीछे गाली-गलौज, पुरानी रंजिश, जमीन विवाद, पत्नी पर बुरी नजर, कर्ज और टोना-टोटका जैसी वजहें बताईं।
ऐसे दिया वारदातों को अंजाम
फरवरी से मई 2026 के बीच आरोपी ने बद्री, बुठालु, छत्तूराम, बुधराम, विनोद कुमार, गजानंद, चैतूराम और महेतरूराम को अलग-अलग मौकों पर जहरीली शराब पिलाई, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं कार्तिक नामक व्यक्ति को भी जहरीली शराब दी गई थी, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
शक से बचने के लिए निभाता रहा मददगार की भूमिका
पुलिस के मुताबिक आरोपी इतना शातिर था कि किसी को उस पर संदेह न हो, इसलिए वह मृतकों को अस्पताल ले जाने, उनके अंतिम संस्कार और कफन-दफन तक में शामिल होता रहा। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
8 हत्या और 1 हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी रामसहाय जायसवाल के खिलाफ आठ हत्या और एक हत्या के प्रयास सहित कुल नौ गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह प्रदेश के चर्चित सामूहिक हत्या मामलों में से एक है, जिसका खुलासा गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सूक्ष्म विवेचना के आधार पर किया गया। मामले के खुलासे में कसडोल पुलिस, साइबर टीम और वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आरोपी
रामसहाय जायसवाल (46 वर्ष)
पिता – देवप्रसाद जायसवाल
निवासी -पुराना खर्वे, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा।
०००००

