राजनांदगांव,23 जून (आरएनएस)। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आदतन अपराधी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के निर्देशन में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 जून की रात शेरा कश्यप (29 वर्ष) निवासी दीनदयाल आवास, चिखली को रेलवे स्टेशन के पास आम लोगों से विवाद और हंगामा करने की सूचना पर डायल-112 की टीम द्वारा थाना लाया गया था।
अगले दिन पुलिस ने उसकी बहन को बुलाकर समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी आक्रोशित हो गया और मारने-मरने की धमकी देते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसके व्यवहार से शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया।
इसके बाद आरोपी के विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कई आपराधिक मामलों में पहले से दर्ज है नाम
पुलिस के मुताबिक शेरा कश्यप एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, मारपीट, धमकी, आम्र्स एक्ट और आबकारी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ शांति भंग की आशंका को लेकर कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और असामाजिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र शाह, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

