कोरबा, 24 जून (आरएनएस)। कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र के ग्राम पतुरियाडांड़ में एक दर्दनाक घटना में लोनर हाथी ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कुचलकर मार डाला। महिला जंगल में महुआ डोरी (महुआ के फल) संग्रह करने गई थी, तभी उसका सामना हाथी से हो गया। इस घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुखमत बाई (70 वर्ष), पति लोडुराम, रोज की तरह जंगल में महुआ डोरी बीनने गई थीं। इन दिनों जंगलों में महुआ के फल गिर रहे हैं, जिन्हें ग्रामीण तेल निकालने सहित अन्य घरेलू उपयोग के लिए एकत्र करते हैं। इसी दौरान अचानक एक लोनर हाथी सामने आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी को देखकर बुजुर्ग महिला ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन वह सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सकीं। हाथी ने उन पर हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं, जनपद सदस्य और ग्राम सरपंच की मौजूदगी में मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपये की तत्काल राहत सहायता प्रदान की गई।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

