गरियाबंद, 25 जून (आरएनएस)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं को कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता से जोडऩा रहा। अभियान के तहत थाना पालीखंड क्षेत्र के शासकीय कन्या शाला अमलीपदर, थाना फिंगेश्वर के शासकीय हाई स्कूल बरगांव, थाना गरियाबंद के शासकीय दलगंजन विद्यालय तथा ग्राम पंचायत जोबा में छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।
० साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप का सुरक्षित उपयोग करने के तरीके बताए गए। साथ ही निजी जानकारी, फोटो और व्यक्तिगत विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की समझाइश दी गई।
० महिला सुरक्षा और अभिव्यक्ति ऐप पर विशेष जोर
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़ पुलिस की पहल अभिव्यक्ति एप की जानकारी देते हुए छात्राओं के मोबाइल में ऐप डाउनलोड कराया। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में डायल 112 सेवा के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
० यातायात नियमों और नशामुक्ति का संदेश
छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और कम उम्र में वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई। वहीं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने और बेहतर भविष्य निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। गरियाबंद पुलिस ने बताया कि जनजागरूकता का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को सुरक्षा, कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाया जा सके।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

