नईदिल्ली,25 जून(आरएनएस)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित बेड एंड ब्रेकफास्ट में आग लगने के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आया है। यहां की 450 व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा संबंधी खामियां पाई गई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में होटल, रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, गेस्ट हाउस, अस्पताल और नर्सिंग होम समेत 450 व्यावसायिक इमारतों ने अनिवार्य अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं लिया है। इनको भवन उपनियमों का उल्लंघन करने के लिए दिल्ली अग्निशमन विभाग द्वारा नोटिस जारी की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 3 जून को होटल में लगी भीषण आग के बाद दिल्ली सरकार ने 13 जिला-स्तरीय समितियां और 39 सब-डिविजन स्तरीय समितियां बनाई गई थी, जिसने सर्वे कर इन इमारतों की पहचान की थी। समितियों को शहर में 6 मंजिला (ग्राउंड फ़्लोर और 5 मंजिल) या उससे ज़्यादा ऊंची सभी इमारतों का निरीक्षण करने का काम सौंपा गया था, ताकि पता चले कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों और बिल्डिंग नियमों का पालन कर रही हैं या नहीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित विभागों ने सभी 450 प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजे हैं। दमकल विभाग ने इन इमारतों के मालिकों या संचालकों से ढांचा लेआउट प्लान भी मांगे हैं। अगर दमकल विभाग को पता चलता है कि मौजूदा लेआउट फायर एनओसी लेने के लिए पहले जमा किए गए प्लान से मेल नहीं खाता है, तो सर्टिफिकेट रद्द किया जा सकता है। नया एनओसी इमारत द्वारा सभी तय नियम पालन करने के बाद जारी किया जाएगा।
जिला-स्तरीय समितियों में जिला मजिस्ट्रेट, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर, दमकल विभाग के डिप्टी कमिश्नर शामिल हैं। सब-डिविजन-स्तरीय समिति में सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट, नगर निगम के असिस्टेंट कमिश्नर हैं। सब-डिविजन समिति जिला मजिस्ट्रेट को रोजाना रिपोर्ट देता है, जो शासन को साप्ताहिक रिपोर्ट सौंपते हैं।
दिल्ली के बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल में 3 जून की सुबह अचानक आग लग गई थी, जिसमें 13 विदेशी समेत 22 लोगों की मौत हुई थी। इसमें गुरूग्राम के एक परिवार के 8 लोग भी शामिल थे, जो अपने परिवार के एक सदस्य का मैक्स में इलाज करा रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज, रसोईये केशव नेगी को गिरफ्तार किया है। बजाज के अकाउंटेट जय मिश्रा ने आत्मसमर्पण किया है, होटल उनके नाम पंजीकृत था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

