जशपुरनगर, 25 जून (आरएनएस)। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से विकासखंड कुनकुरी के ग्राम पंचायत दाराखरिका के आश्रित ग्राम बोड़ालाता में लंबे समय से बाधित बिजली आपूर्ति पुन: शुरू हो गई है। खराब ट्रांसफार्मर को बदलने के बाद गांव में विद्युत व्यवस्था सुचारू हो गई है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दाराखरिका के सरपंच ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर अवगत कराया था कि ग्राम बोड़ालाता में लगा ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इससे ग्रामीणों को दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने यह भी बताया था कि क्षेत्र हाथी प्रभावित है और बारिश का मौसम शुरू होने वाला है। अंधेरे के कारण जंगली हाथियों की गतिविधियों तथा विषैले जीव-जंतुओं से खतरा बढऩे की आशंका थी। ऐसे में ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विद्युत विभाग ने त्वरित पहल करते हुए खराब ट्रांसफार्मर को बदल दिया, जिससे गांव में बिजली आपूर्ति पुन: बहाल हो गई। बिजली व्यवस्था सामान्य होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। उल्लेखनीय है कि बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई गई है। विशेष रूप से बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है, जिससे लोगों को शीघ्र राहत मिल रही है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

