० कलेक्टर ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक
मोहला 25 जून (आरएनएस)। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा किसानों से जुड़े कार्यों में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, लंबित प्रकरण, अभिलेख शुद्धता, डायवर्सन, स्वामित्व योजना एवं आबादी पट्टा वितरण की तहसीलवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा आम नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में फार्मर आईडी निर्माण और एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र किसानों को फार्मर आईडी से जोडऩे के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने में फार्मर आईडी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, इसलिए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
कलेक्टर ने राजस्व अभिलेखों की शुद्धता पर भी जोर देते हुए कहा कि भूमि अभिलेखों में त्रुटियों का समय पर सुधार किया जाए, ताकि किसानों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्वामित्व योजना और आबादी पट्टा से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.आर. मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित जिले के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

