कोण्डागांव, 25 जून (आरएनएस)। नीति आयोग भारत सरकार से जिले के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी पी. नरहरि ने अपने दो दिवसीय प्रवास के प्रथम दिन बुधवार को कोण्डागांव जिले में शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।उन्होंने कोण्डागांव विकासखंड के ग्राम मसौरा में उन्होंने किसान जितेन्द्र दीवान द्वारा ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग पद्धति से की जा रही सब्जी उत्पादन की जानकारी ली। किसान ने बताया कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा आय भी बढ़ी है। इस पर श्री नरहरि ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के लिए राज्य से बाहर एक्सपोजर विजिट आयोजित की जाए तथा उन्हें अपने उत्पादों के खरीदारों से सीधे जोडऩे के प्रयास किए जाएं, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता कम हो और किसानों को बेहतर लाभ मिल सके।उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन एवं एचआरपी सेंटर का भी निरीक्षण किया तथा बच्चों एवं उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने एचआरपी सेंटर के प्रभावी संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।आरसेटी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पशु सखियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर स्वरोजगार एवं आयवर्धन की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आरसेटी के अधिकारियों को वर्षभर का प्रशिक्षण कैलेंडर तैयार कर अधिक से अधिक ग्रामीणों तक उसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।दौरे के दौरान नरहरि ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शामपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा शिक्षकों से शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का समुचित उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए ताकि आदिवासी विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।इस अवसर पर एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे, डिप्टी कलेक्टर किशोर शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

