भोपाल 25 जून (आरएनएस)। बिलखिरिया क्षेत्र में बिजली लाइन पर काम करने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने बिजली विभाग के दो कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लाइनमैन ने खुद काम करने के बजाय एक निजी युवक को खंभे पर चढ़ा दिया और बिजली सप्लाई बंद कराए बिना ही मरम्मत का काम शुरू करा दिया, जिससे उसकी जान चली गई।
घटना रायसेन रोड स्थित बिलखिरिया क्षेत्र की है। मृतक की पहचान जितेंद्र कुशवाहा (22) पुत्र सेवाराम कुशवाहा निवासी बिलखिरिया के रूप में हुई है। वह इलेक्ट्रीशियन का काम करता था।
मृतक के भाई बंटी कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बुधवार शाम क्षेत्र में एक फेज की बिजली बंद होने की शिकायत मिली थी। शिकायत पर लाइनमैन आजाद ठाकुर और रिंकू राजपूत मौके पर पहुंचे थे।
परिवार का आरोप है कि जिस लाइन पर काम कराया जा रहा था उसकी बिजली सप्लाई बंद नहीं कराई गई थी। जैसे ही जितेंद्र खंभे पर चढ़ा, वह एलटी लाइन के करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद दोनों लाइनमैन मौके से चले गए और युवक को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया।

