रायगढ़, 26 जून(आरएनएस)। महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संवेदनाÓ के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब छह माह से लापता 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को रायपुर से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले एक युवक और बाद में उसका शारीरिक शोषण करने वाले दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 17 दिसंबर 2025 को दर्ज शिकायत में बताया गया था कि 15 दिसंबर को स्कूल से लौटने के बाद नाबालिग घर नहीं पहुंची। जांच में सामने आया कि घनश्याम उर्फ सोनू बैरागी उसे मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लगातार तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने कई बार रायपुर में विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगातार पतासाजी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर विशेष टीम ने 24 जून 2026 को रायपुर के सरोरा (उरला) स्थित अशोक पाइप प्लांट क्षेत्र से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
बालिका के बयान में खुलासा हुआ कि आरोपी घनश्याम बैरागी उसे बहला-फुसलाकर रायपुर के सिलतरा क्षेत्र ले गया, जहां उसने करीब दो माह तक उसे अपने साथ रखा और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक शोषण किया। बाद में आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद सिलतरा में मजदूरी करने वाले सिसेन एक्का ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ रखा और उसका भी शारीरिक शोषण किया।
जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ीं। पुलिस ने घनश्याम बैरागी से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम दास बैरागी उर्फ सोनू (23 वर्ष), निवासी नूनदरहा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ तथा सिसेन एक्का (25 वर्ष), निवासी सिगाना, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, उप निरीक्षक संध्या रानी कोका तथा आरक्षक कीर्तन यादव, चन्द्रशेखर चन्द्राकर, सुरेन्द्र यादव, हेम सागर पटेल और नरेन्द्र पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन संवेदनाÓ के माध्यम से प्रत्येक पीडि़त को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बच्चों की
सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

