0-24 घंटे के भीतर कार्रवाई, मारपीट, धमकी और तोडफ़ोड़ के मामले में अर्जुनी पुलिस की त्वरित सफलता
धमतरी, 26 जून (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने घर में घुसकर महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा तोडफ़ोड़ करने के मामले में तीन आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रार्थिया प्रीति साहू (34), निवासी ग्राम सेहराडाबरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जून की रात करीब 9 बजे आरोपी उमेश साहू उसके घर वाहन मांगने आया था। वाहन देने से इनकार करने पर वह नाराज होकर चला गया। इसके बाद उसी रात करीब 12 बजे उमेश साहू उर्फ छोटू, देवेंद्र साहू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस एक राय होकर जबरन घर में घुस गए और अश्लील गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार के साथ मारपीट की।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने प्रार्थिया, उसके पति मनोज साहू और पुत्री नीलिमा साहू के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उमेश साहू ने लकड़ी के डंडे से हमला कर मनोज साहू और नीलिमा साहू को चोट पहुंचाई। आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सी और मोटरसाइकिल में भी तोडफ़ोड़ कर नुकसान पहुंचाया, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया।
मामले में थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 77/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 296, 115(2), 331(6), 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित कर तीनों आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर पुलिस ने देवेंद्र साहू (22), उमेश साहू उर्फ छोटू (22) और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस (18), सभी निवासी ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट, धमकी या कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
0

