0-6.85 लाख रुपये की संपत्ति बरामद, वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका कबाड़ कारोबारी
रायगढ़, 26 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.85 टन संदिग्ध कबाड़ और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 6.85 लाख रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के अवैध व्यापार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने 22 जून की शाम मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक ष्टत्र13छ्व2186 में कबाड़ खरीदते हुए बलवंत सारथी (40), निवासी ग्राम हाटी, थाना छाल, जिला रायगढ़ को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन में लोड कबाड़ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में वाहन से करीब 2.85 टन संदिग्ध कबाड़ मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 85,500 रुपये आंकी गई। चोरी की संपत्ति होने की आशंका के चलते पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कबाड़ और लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के पिकअप वाहन सहित कुल 6,85,500 रुपये की संपत्ति जब्त कर ली।

मामले में थाना पूंजीपथरा में आरोपी बलवंत सारथी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35(क), 35(ड) तथा बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त और संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के अवैध व्यापार पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
0

