0 कोरिया जिले के करचा गांव की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
कोरिया, 26 जून (आरएनएस)। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड के कोटाडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करचा में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई और कथित धमकी को महिला की आत्महत्या का कारण बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम करचा में हुए एक आपसी विवाद के बाद दोनों पक्ष कोटाडोल थाना पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि थाने में पुलिस के कथित अमर्यादित व्यवहार और चालानी कार्रवाई की चेतावनी से महिला मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी।
परिजनों के मुताबिक, थाना से लौटने के बाद महिला पूरी रात तनाव में रही और लगातार रोती रही। अगले दिन सुबह वह घर से निकली और पास के जंगल में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि महिला पर कथित रूप से दबाव नहीं बनाया गया होता, तो वह यह कदम नहीं उठाती। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की आत्महत्या के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

