मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी,26 जून (आरएनएस) । छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार सुबह हिट एंड रन का सनसनीखेज मामला सामने आया। गुंडरदेही गांव के पास सड़क किनारे खेल रहे एक मासूम बच्चे को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक को पकडऩे के लिए मोहला और मानपुर थाना क्षेत्र में बैरिकेड्स लगाकर घेराबंदी की। लेकिन आरोपी चालक ने पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज करते हुए दोनों जगह बैरिकेड्स तोड़ दिए और तेज रफ्तार में महाराष्ट्र सीमा की ओर भाग निकला। इस दौरान बैरिकेड्स के पास मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।पुलिस ने लगातार ट्रक का पीछा किया। भागने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया, जिसके बाद कोरकोट्टी गांव के पास चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है।पुलिस के अनुसार चालक के नशे में होने की भी जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उधर, मासूम की मौत से गुंडरदेही गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने घटना के विरोध में सड़क पर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है।
००

