भोपाल,27 जून(आरएनएस)। ऐशबाग के सुदामा नगर में बुजुर्ग दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने कुछ दूरी से फायरिंग की। दोनों के सिर में गोली लगी, जबकि महिला की कमर के पास भी एक गोली धंसी मिली। शुक्रवार रात बंद कमरे से दोनों के शव खून से सने बरामद हुए थे।
मृतकों की पहचान 64 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 62 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। हेमंत रेलवे से रिटायर कर्मचारी थे, जबकि शकुंतला कस्तूरबा अस्पताल से नर्स के पद से रिटायर हुई थीं। पत्नी का शव सोफे पर और पति का शव फर्श पर पड़ा था।
घटनास्थल से पुलिस को तीन खाली कारतूस मिले हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पड़ोसियों और मकान में रहने वाले किराएदार छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हेमंत बारीक के सिर में एक गोली लगी थी। शकुंतला बारीक को दो गोलियां मारी गई थीं। एक गोली सिर में और दूसरी कमर के पास रीढ़ की हड्डी के नजदीक धंसी मिली। तीनों गोलियां कुछ दूरी से चलाई गई थीं।
घर में केवल पति-पत्नी रहते थे। मकान के एक हिस्से में छात्र किराए पर रहते हैं। दंपती की कोई संतान नहीं है। पहले बेटे के विदेश में रहने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि उनकी कोई संतान नहीं थी। पिछले दो दिनों से दंपती घर से बाहर नहीं निकले थे।
भाभी शिवानी के मुताबिक, बातचीत में शकुंतला ने किसी खतरे या परेशानी का जिक्र नहीं किया था। हालांकि, उन्होंने बताया था कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवार को किसी पुरानी रंजिश की जानकारी भी नहीं है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में लूट या डकैती के उद्देश्य से हत्या की आशंका नहीं है। परिजनों ने भी किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है। इसके बावजूद पुलिस संपत्ति विवाद और अन्य निजी कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शुक्रवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना मिली। दोनों शव डीकंपोज्ड अवस्था में मिले और उन पर चोट के निशान भी थे। इसी वजह से शुरुआत से हत्या के एंगल से जांच की जा रही थी। पोस्टमॉर्टम में गोली लगने की पुष्टि के बाद जांच तेज कर दी गई।

