बलौदाबाजार, 28 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं और बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए सुहेला थाना पुलिस ने आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल, रावन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को यातायात नियमों के पालन तथा साइबर ठगी से बचने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना सुहेला के सहायक उप निरीक्षक संजय सोनी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पर स्टंट जैसी खतरनाक गतिविधियों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों को लेकर भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक किया गया। एएसआई संजय सोनी ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। साथ ही लॉटरी, इनाम या आकर्षक ऑफर के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और सोशल मीडिया खातों की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो घबराने की बजाय तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सुहेला पुलिस के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना की तथा यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
0

