0 समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
दुर्ग, 28 जून (आरएनएस)। दुर्ग जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र में थनोद रोड पर मिक्सर मशीन पलटने से केबिन में फंसे चालक का पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से सफल रेस्क्यू किया। घायल चालक को समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बचाने में सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, रविवार को मिक्सर मशीन क्रमांक ष्टत्र 07 ष्र्टं 6051 थनोद रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक वाहन के केबिन के भीतर गंभीर रूप से फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही चौकी अंजोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों और आसपास मौजूद लोगों के सहयोग से बिना देर किए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। संयुक्त प्रयास से चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसे समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्रवाई की सराहना की। वहीं दुर्ग के पुलिस अधीक्षक ने भी रेस्क्यू अभियान में शामिल पुलिस टीम और सहयोग करने वाले ग्रामीणों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह तत्परता से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक चंद्रशेखर सोनी, पीएसआई अभिषेक चंद्रा, आरक्षक सुमन, विक्की यादव तथा ग्राम थनोद एवं आसपास के ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को दें तथा राहत एवं बचाव कार्य के दौरान सुरक्षित तरीके से पुलिस का सहयोग करें, ताकि समय रहते जनहानि को रोका जा सके।
0

