0-1 करोड़ मांगे, लूटपाट कर पीडि़त को सड़क पर फेंक कर हुए रफूचक्कर
कोलकाता,28 जून(आरएनएस)। महानगर कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अपराधियों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दी हैं। उत्तर 24 परगना जिले के एक बड़े आयात-निर्यात (इंपोर्ट-एक्सपोर्ट) कारोबारी का कथित तौर पर दिनदहाड़े अपहरण कर चलती कार में गन पॉइंट पर भारी लूटपाट का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर बदमाशों ने खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर कारोबारी को अगवा किया, उसकी बेरहमी से पिटाई की और सोने की चेन व नकदी लूट ली।
आज कोलकाता पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात शुक्रवार को मध्य कोलकाता के रेड रोड और फूल बागान इलाके के पास घटित हुई। पीडि़त कारोबारी उत्तर 24 परगना के बादुडिय़ा का रहने वाला है।कारोबारी अपने दो सहयोगियों के साथ फूलबागान स्थित एक नामी शॉपिंग मॉल गया था, तभी खुद को सीआईडी अधिकारी बताने वाले बदमाशों ने ‘तलाशी’ के नाम पर उसे जबरन काले रंग की एसयूवी कार में ठूंस लिया।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने चलती कार में कारोबारी की कनपटी पर बंदूक सटाकर 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। असमर्थता जताने पर उसके साथ बर्बरता से मारपीट की गई।
जब बदमाशों को भनक लगी कि कारोबारी के साथियों ने पुलिस को अलर्ट कर दिया है, तो वे घबरा गए और पीडि़त को मध्यमग्राम इलाके में सड़क पर फेंककर रफूचक्कर हो गए।अपहरणकर्ता चलती कार में कारोबारी को बंधक बनाकर कोलकाता की सड़कों पर दौड़ते रहे। इस दौरान उन्होंने कारोबारी के पास मौजूद 3 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन और 70 हजार रुपये नकद (कुल करीब 3.70 लाख रुपये की संपत्ति) लूट ली।
वारदात के बाद बदहवास हालत में पीडि़त व्यापारी ने फूलबागान थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। कोलकाता पुलिस ने जबरन वसूली, अपहरण, मारपीट और जालसाजी की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले पर पलिस का कहना है कि, “यह एक सोची-समझी साजिश और रेकी का हिस्सा लग रहा है। अपराधियों को पता था कि व्यापारी कब और कहां आने वाला है। आरोपितों की सटीक पहचान के लिए फूल बागान स्थित शॉपिंग मॉल, रेड रोड और ईएम बाईपास समेत पूरे रूट पर लगे सरकारी व निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा हैड्ढ। जल्द ही इस फर्जी सीआईडी गैंग का भंडाफोड़ किया जाएगा।”
बहरहाल जो भी हो महानगर के एक सुरक्षित माने जाने वाले शॉपिंग मॉल के बाहर से इस तरह फर्जी पुलिस बनकर अपहरण करने की घटना से कोलकाता के व्यापारिक जगत में भारी दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

