अमरावती (महाराष्ट्र),28 जून(आरएनएस)। अमरावती जिले के धामनगांव रेलवे तालुका में समृद्धि महामार्ग (एक्सप्रेसवे) पर एक भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान भास्कर जीवने, रमेश जीवने, लता जीवने, आरती जीवने और 10 साल की त्रिशा जीवने के रूप में की गई है.
बताया गया है कि चंद्रपुर जिले से अकोला जा रही एक तेज रफ्तार कार समृद्धि महामार्ग पर एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया और गाड़ी के अंदर बैठे यात्रियों को बचने का कोई मौका नहीं मिला.
पीडि़त परिवार चंद्रपुर जिले का रहने वाला है, जो एक इवेंट में शामिल होने के लिए कार से अकोला के लिए निकला था. लेकिन, समृद्धि महामार्ग पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई, जिससे परिवार के सभी पांच लोगों की मौत हो गई. इस घटना से एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस, हाईवे सेफ्टी स्क्वॉड और आपात सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं. कार के अंदर से शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. इसके बाद, मौके का शवों का पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
घटनास्थल के दृश्य से पता चलता है कि कार तेज स्पीड में थी और ड्राइवर का नियंत्रण खो गया, जिससे तेज रफ्तार गाड़ी सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

