नईदिल्ली ,28 जून(आरएनएस)। पाकिस्तान के कराची में हुए हमले में भारत की भूमिका को लेकर सामने आई रिपोर्टों पर भारत ने प्रतिक्रिया दी है। भारत ने इस रिपोर्टों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान को नसीहत देते हुए कहा कि पाकिस्तान दूसरों पर उंगली उठाने से पहले आत्मनिरीक्षण करे। मंत्रालय ने कहा, पाकिस्तान को अपने क्षेत्र में मौजूद आतंकी ढांचे के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए और आतंकवाद पर निर्भर रहने की आदत से छुटकारा पाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय ने कहा, हमने पाकिस्तानी रिपोर्ट्स देखी हैं, जिनमें कराची में हाल की घटना के बारे में भारत के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं। हम उन्हें पूरी तरह से खारिज करते हैं। दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय पाकिस्तान को अपने अंदर झांकना चाहिए, अपने इलाके में आतंकी ढांचे के खिलाफ भरोसेमंद कार्रवाई करनी चाहिए और आतंकवाद को सरकारी नीति के तौर पर इस्तेमाल करने की अपनी आदत से छुटकारा पाना चाहिए।
कराची में शनिवार रात आतंकियों ने सिंध रेंजर्स के मुख्यालय को निशाना बनाया। इसमें 4 जवान और 6 आतंकवादी मारे गए। आतंकी पहले विस्फोटकों से भरे वाहन को गेट से टकराकर परिसर में घुसे और इसके बाद हैंड ग्रेनेड फेंके। इसके फौरन बाद आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। करीब 90 मिनट तक गोलीबारी होती रही। इस हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार ने ली है। यह संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान का एक कट्टरपंथी धड़ा है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

