केशव सल्होत्रा/ जगदलपुर 29 जून (आरएनएस) सड़क पर तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ रही है। जगदलपुर यातायात पुलिस ने ओवरस्पीड वाहनों और ब्लैक फिल्म लगी कारों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। लगातार चल रही कार्रवाई के चलते नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
यातायात पुलिस द्वारा जून माह के दौरान विशेष अभियान चलाकर ओवरस्पीड वाहनों की निगरानी की जा रही है। इस अभियान के तहत अब तक 308 वाहनों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसी अभियान के दौरान एक कार के शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगी मिली। जांच के बाद चालक के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही मौके पर ही वाहन के शीशों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई और चालक को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ओवरस्पीड, ब्लैक फिल्म, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट की अनदेखी और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
बहरहाल: तेज रफ्तार कुछ पल का रोमांच दे सकती है, लेकिन एक छोटी लापरवाही जिंदगीभर का पछतावा बन सकती है। यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि सुरक्षित सफर ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।


