रायपुर, 29 जून (आरएनएस)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने खमतराई थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी से कॉपर रोप, कॉपर प्लेट और ब्रास राउंड की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो चोरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को कामाख्या इंटरप्राइजेज कंपनी, मेटल पार्क रावांभाठा के कर्मचारी राकेश सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जून की रात करीब 3:57 से 4:04 बजे के बीच अज्ञात चोर कंपनी की दीवार फांदकर अंदर घुसे और लगभग 2.42 लाख रुपये मूल्य का कॉपर रोप, कॉपर प्लेट और ब्रास राउंड चोरी कर ले गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध चोरी का सामान ले जाते दिखाई दिए। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पन्नालाल पवार और आकाश पारधी उर्फ बुटानु को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का सामान मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 04 क्कक्त 8968 से ले जाकर कबाड़ी राकेश कुमार पासवान को बेच दिया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कबाड़ी की दुकान में छापेमारी कर चोरी का सामान बरामद किया। साथ ही चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। मामले में पन्नालाल पवार (35), आकाश पारधी उर्फ बुटानु (21) तथा राकेश कुमार पासवान (29) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना खमतराई में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305, 317(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
0

