जांजगीर-चांपा, 29 जून (आरएनएस)। , 29 जून 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के हाथिटिकरा गांव स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र में सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बच्चों के आने से पहले केंद्र के कमरे की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय केंद्र में कोई बच्चा मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बच्चों के आने से पहले केंद्र की साफ-सफाई और अन्य तैयारियों में जुटी थीं। इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर गया। तेज आवाज सुनते ही कार्यकर्ता और सहायिका मौके पर पहुंचीं। घटना के बाद परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद मलबा हटाकर केंद्र की सफाई कराई गई। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इससे आंगनबाड़ी भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा बच्चों की मौजूदगी में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। वहीं भवनों के नियमित निरीक्षण और रखरखाव को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

