कांकेर, 30 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने ‘ऑपरेशन उजियाराÓ के तहत अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना परतापुर क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 67 लीटर अवैध महुआ शराब, बिक्री की 900 रुपये नकद राशि जब्त कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन और एसडीओपी रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अभिषेक महोबिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने परतापुर और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुकेश नेताम (30), देवनाथ उसेण्डी (30), सिरेन्द्र बेसरा (40) और फागूराम कोर्राम (48) को अवैध रूप से महुआ शराब का संग्रहण और बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 67 लीटर देशी महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 14,070 रुपये है, तथा बिक्री से प्राप्त 900 रुपये नकद जब्त किए। जब्त सामग्री में मुकेश नेताम से 20 लीटर शराब और 200 रुपये, देवनाथ उसेण्डी से 25 लीटर शराब और 200 रुपये, सिरेन्द्र बेसरा से 12 लीटर शराब और 300 रुपये तथा फागूराम कोर्राम से 10 लीटर शराब और 200 रुपये बरामद किए गए।
चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब, नशे के कारोबार या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
0

