रायपुर, 30 जून (आरएनएस)। सोशल मीडिया के माध्यम से दोना-पत्तल निर्माण उद्योग लगाने और अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को रायपुर के डीडी नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मशीन, कच्चा माल उपलब्ध कराने और तैयार माल खरीदने का वादा कर पीडि़त से करीब 2.95 लाख रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़त ने सोशल मीडिया पर प्रकाशित विज्ञापन देखकर आरोपी से संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को कंपनी संचालक बताते हुए दोना-पत्तल निर्माण मशीन, कच्चा माल उपलब्ध कराने तथा तैयार माल खरीदने का आश्वासन दिया। साथ ही अधिक लाभ और अन्य सुविधाओं का लालच देकर विभिन्न किश्तों में करीब 2 लाख 95 हजार रुपये अपने खाते में जमा करा लिए। राशि लेने के बाद आरोपी मशीन और कच्चा माल उपलब्ध कराने में लगातार टालमटोल करता रहा।
शिकायत मिलने पर डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डीडी नगर की टीम ने मामले की जांच शुरू की। दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें लोगों को अधिक लाभ का झांसा देकर रकम वसूलने का मामला सामने आया।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर शैलेन्द्र कुमार रजक (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 404/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में कार्रवाई की है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने 25 से 30 अन्य लोगों के साथ-साथ दूसरे राज्यों के लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया हो सकता है। पुलिस वित्तीय लेन-देन और अन्य पीडि़तों से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

