0 दो दिनों में 10.46 करोड़ के मादक पदार्थ का किया गया नष्टीकरण
महासमुंद, 30 जून (आरएनएस)। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में मंगलवार को 33 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त 9 क्विंटल 95 किलो 30 ग्राम गांजा नष्ट किया। नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 34 लाख 73 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बालाजी प्लांट, बेलसोंडा (महासमुंद) में नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक महासमुंद, जिला आबकारी अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के नोडल अधिकारी तथा रक्षित निरीक्षक की उपस्थिति में जब्त मादक पदार्थों का भौतिक सत्यापन कर उन्हें नष्ट किया गया।
नष्ट किए गए गांजे में वर्ष 2025 के 7 प्रकरण और 2026 के 26 प्रकरण, कुल 33 एनडीपीएस प्रकरण शामिल थे। ये मामले सिंघोड़ा, पटेवा, कोमाखान, बसना, सांकरा, बलौदा, तुमगांव और बागबाहरा थाना क्षेत्रों से संबंधित हैं।
महासमुंद पुलिस ने बताया कि यह लगातार दूसरे दिन की गई नष्टीकरण की कार्रवाई है। इससे पहले 29 जून को 7 प्रकरणों में जब्त 9 क्विंटल 98 किलो से अधिक गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 12 लाख 5 हजार 500 रुपये थी, नष्ट किया गया था।
दो दिनों की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 19 क्विंटल 93 किलो 10 ग्राम गांजा नष्ट किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ 46 लाख 78 हजार 500 रुपये है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
0

