दुर्ग, 30 जून (आरएनएस)। नंदिनी नगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.189 किलोग्राम गांजा का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 2 लाख 80 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को थाना नंदिनी नगर पुलिस ग्राम मुरमुंदा आम रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एमजी 0156 में सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा का परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सन्नी साहू उर्फ माया साहू (27 वर्ष) और त्रिलोचन साहू उर्फ जय प्रकाश (30 वर्ष) निवासी ग्राम सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5.189 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा का परिवहन कर रहे थे। इस कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

