0-2.80 लाख की सामग्री जब्त
दुर्ग, 30 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.189 किलोग्राम अवैध गांजा का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत कुल 2 लाख 80 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 30 जून को थाना नंदिनी नगर पुलिस ग्राम मुरमुंदा आम रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल में दो व्यक्ति गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 04 रूत्र 0156 को रोका और तलाशी लेने पर 5.189 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सन्नी साहू उर्फ माया साहू (27) और त्रिलोचन साहू उर्फ जय प्रकाश (30), दोनों निवासी ग्राम सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नंदिनी नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया।
2.80 लाख की सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत का 5.189 किलोग्राम गांजा तथा 30 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 2 लाख 80 हजार रुपये आंका गया है।
जनता से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0

