दुग,01 जुलाई (आरएनएस)। दुर्ग जिले की उतई पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए तीन मोटर पंप और केबल वायर सहित कुल 37 हजार रुपये का मशरूका बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पुरई में 26 और 27 जून 2026 की दरमियानी रात तीन अलग-अलग स्थानों से मोटर पंप और केबल वायर चोरी होने की शिकायतें दर्ज हुई थीं। इस संबंध में थाना उतई में अपराध क्रमांक 334/2026, 335/2026 और 336/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) में मामले दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए, मुखबिरों से सूचना ली और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर तीनों मामलों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन लाल ओझा (26), शंकर साहू (24), सन्नी राजपूत (21), कृष राजपूत (19) और दुष्यंत साहू (24) निवासी शिवपारा, ग्राम पुरई, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक फ्लो कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप, एक लुबी कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप व केबल वायर तथा एक 1.5 एचपी डीप बोर मोटर पंप व केबल वायर सहित कुल 37 हजार रुपये का चोरी गया सामान बरामद किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से सुनसान स्थानों पर लगे मोटर पंप और केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से घरों, खेतों और कृषि उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर देने की अपील की है।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

