रायगढ़,1जुलाई (आरएनएस)। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20.25 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध लोहे का स्क्रैप और उसे परिवहन कर रहे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज 7.5 टन स्क्रैप का परिवहन करने के आरोप में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के खिलाफ जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि कुनकुरी से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर एक ट्रक पूंजीपथरा की ओर आ रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तमनार चौक पर घेराबंदी कर ष्टत्र-14-ष्ठ-0528 क्रमांक के 12 चक्का टाटा ट्रक को रोककर जांच की।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुलतान खान (58 वर्ष) निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी बताया। ट्रक की तलाशी में 7.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला। पुलिस द्वारा स्क्रैप के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने 5.25 लाख रुपये मूल्य का स्क्रैप और लगभग 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 20.25 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह तथा आरक्षक राजेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़, चोरी की संपत्ति और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन या कारोबार करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

