रायगढ़,1 जुलाई (आरएनएस) । रायगढ़ जिला पुलिस में बुधवार को भावनात्मक माहौल के बीच उप निरीक्षक हेतराम सिदार और आरक्षक निस्तोर तिर्की को सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त किया गया। पुलिस कार्यालय में आयोजित सेवा सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने दोनों अधिकारियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर उनके लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके परिजन भी मौजूद रहे।उप निरीक्षक हेतराम सिदार ने वर्ष 1984 में अविभाजित मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा शुरू की थी। लगभग 42 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने कोरबा, जांजगीर, बिलासपुर और रायगढ़ सहित कई जिलों में जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2014 में वे उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए और वर्ष 2025 में रायगढ़ स्थानांतरित होकर डीसीआरबी प्रभारी के रूप में कार्य करते हुए इसी पद से सेवानिवृत्त हुए।वहीं आरक्षक निस्तोर तिर्की ने वर्ष 1983 में जिला जगदलपुर से पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। करीब 43 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने रायगढ़ जिले के यातायात, कोतवाली, जोबी, जूटमिल, कापू, धरमजयगढ़ और लैलूंगा सहित विभिन्न थानों एवं इकाइयों में सेवाएं दीं। वे ट्रेजरी गार्ड धरमजयगढ़ से सेवानिवृत्त हुए। उनके पुत्र सिकंदर तिर्की भी वर्तमान में पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जिससे यह परिवार दूसरी पीढ़ी तक पुलिस सेवा से जुड़ा हुआ है।समारोह में दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए पुलिस सेवा को जीवन का सबसे गौरवपूर्ण अध्याय बताया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सरकारी सेवा का समापन है, विभाग से उनका आत्मीय रिश्ता हमेशा बना रहेगा। उन्होंने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की।कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

