धमतरी, 02 जुलाई (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने की साजिश का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। चौकी बिरेझर पुलिस की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना में सामने आया कि युवक की हत्या शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में की गई थी। आरोपियों ने बाद में शव को फांसी पर लटकाकर मामले को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, मामला थाना कुरूद अंतर्गत चौकी बिरेझर के ग्राम गोजी का है। 29 जून 2026 को 23 वर्षीय नरसिंग साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन, गवाहों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के विश्लेषण के बाद हत्या की पुष्टि हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत गला दबाने और रस्सी से कसकर श्वास अवरुद्ध करने के कारण होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक के भाई नरेश साहू (22) और मां कमला बाई साहू (60) से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद और मारपीट हुई, जिसके बाद दोनों ने पहले हाथ से गला दबाया और फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि मृतक के जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक दवा भी पिला दी थी।
अपराध छिपाने के उद्देश्य से दोनों ने शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की और परिजनों को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी भी गढ़ी। विवेचना में साक्ष्य मिटाने और एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 199/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में गंभीर अपराधों की निष्पक्ष, वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित जांच कर दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
0

