जगदलपुर, 02 जुलाईं (आरएनएस)। जिला प्रशासन बस्तर के मार्गदर्शन एवं कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में 01 जुलाई डॉक्टर्स डे के विशेष अवसर पर महारानी अस्पताल, जगदलपुर के गुंडाधुर सभागार में एक भव्य चिकित्सक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में समाज और स्वास्थ्य सेवाओं में चिकित्सकों की अमूल्य भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत जिले में किए जा रहे अभूतपूर्व प्रयासों की जानकारी साझा करते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने बताया कि सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निजी विशेषज्ञ चिकित्सकों और रेडियोलॉजिस्ट के सहयोग से गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं की समय पर पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके। इसी कड़ी में आयोजित शिविरों में विभिन्न निजी केंद्रों के सहयोग से कुल 409 गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क सोनोग्राफी की गई, जिसके उत्कृष्ट योगदान के लिए महारानी अस्पताल के चिकित्सकों सहित निजी स्त्री रोग विशेषज्ञों और रेडियोलॉजिस्ट को भी सम्मानित किया गया।
इस अभियान की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए सिविल सर्जन डॉ संजय प्रसाद ने बताया गया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 9 जून 2016 को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान योजना शुरू की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था की दूसरी और तीसरी तिमाही में सभी गर्भवती महिलाओं को हर महीने की निश्चित तारीखों पर व्यापक और गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व देखभाल उपलब्ध कराना है। यह योजना देश में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में बेहद सहायक सिद्ध हो रही है, जिसके तहत हर महीने की 9 और 24 तारीख को नि:शुल्क प्रसवपूर्व देखभाल सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक महिला का गर्भावस्था की दूसरी या तीसरी तिमाही में होना आवश्यक है और इसके लिए आवेदन प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन या नामित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑफ लाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है। समारोह के समापन पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, महारानी अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद सहित बड़ी संख्या में उपस्थित वरिष्ठ चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जनहित में निरंतर बेहतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

