वाशिंगटन,02 जुलाई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को पहली बार कतर की ओर से उपहार में मिले नए एयर फोर्स वन विमान में उड़ान भरी। इस दौरान उन्होंने विमान को लेकर उत्साह जताते हुए कतर का धन्यवाद किया। हालांकि, विदेशी सरकार की ओर से करोड़ों डॉलर कीमत का विमान स्वीकार करने को लेकर ट्रंप एक बार फिर नैतिकता, संवैधानिक नियमों और सुरक्षा से जुड़े सवालों के घेरे में हैं।
ट्रंप नॉर्थ डकोटा की यात्रा पर रवाना होने से पहले वॉशिंगटन स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा, सच कहूं तो इस पहली उड़ान को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। ऐसा विमान पहले किसी ने नहीं देखा। उन्होंने बताया कि विमान को राष्ट्रपति की जरूरतों के मुताबिक तैयार किया गया है और इसमें सुरक्षा से जुड़े अत्याधुनिक सिस्टम तथा कई विशेष सुविधाएं जोड़ी गई हैं। ट्रंप ने इसे बेहद जटिल लेकिन शानदार विमान बताया।
80 वर्षीय ट्रंप नॉर्थ डकोटा में अमेरिका की आजादी के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे। यह कार्यक्रम थियोडोर रूजवेल्ट प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी में आयोजित किया गया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका खुद भी इस स्तर का विमान आसानी से नहीं बना सकता, क्योंकि इसके लिए जितना खर्च करना पड़ता, उतना खर्च करने की इच्छा नहीं होती। उन्होंने कहा कि कतर ने इस विमान पर खुलकर पैसा खर्च किया है।
कतर द्वारा दिए गए इस बोइंग 747-8 विमान को पिछले वर्ष अमेरिका को सौंपा गया था। इसके बाद इसे राष्ट्रपति के उपयोग के अनुरूप बनाने के लिए बड़े स्तर पर तकनीकी बदलाव किए गए और कई चरणों में परीक्षण भी हुआ। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने कतर के अमीर से विमान इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन अमीर ने इसे अमेरिका के लिए अपना योगदान बताते हुए उपहार के रूप में देने की पेशकश की।
हालांकि इस विमान को लेकर ट्रंप की आलोचना भी हो रही है। विपक्ष और कई विशेषज्ञों का कहना है कि किसी विदेशी देश से करोड़ों डॉलर कीमत का विमान स्वीकार करना नैतिक, संवैधानिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े करता है। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब एक दिन पहले ही ट्रंप की वित्तीय जानकारी में यह सामने आया था कि सत्ता में लौटने के पहले वर्ष में उनके परिवार के क्रिप्टोकरेंसी कारोबार से उन्हें करीब 1.2 अरब डॉलर की आय हुई।
यह विमान फिलहाल अस्थायी रूप से एयर फोर्स वन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। इसकी जगह भविष्य में बोइंग द्वारा तैयार किए जा रहे दो नए विशेष एयर फोर्स वन विमान लेंगे। हालांकि निर्माण में लगातार देरी और लागत बढऩे के कारण उनकी डिलीवरी अब लगभग 2 साल बाद होने की उम्मीद है। ट्रंप लंबे समय से पुराने एयर फोर्स वन बेड़े को बदलने की मांग करते रहे हैं।
००
Login
What's Hot
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

