रायपुर, 03 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 2 जुलाई की शाम से 3 जुलाई की देर रात तक चोरी, मारपीट और आबकारी अधिनियम के उल्लंघन से जुड़े कुल 17 नए प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने चोरी और मारपीट के मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है, जबकि अवैध रूप से शराब पिलाने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की छह घटनाएं सामने आईं। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के ग्रीन एंबियंस, कचना स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 45 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। मोवा थाना क्षेत्र के पीएम आवास, दलदल सिवनी में भी सूने मकान से सोने के जेवर और 10 हजार रुपये नकद सहित करीब 30 हजार रुपये की चोरी हुई। गंज थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास खड़ी हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हो गई, जबकि कबीरनगर थाना क्षेत्र के हीरापुर शराब दुकान के पास से हीरो फैशन प्रो बाइक चोरी कर ली गई। खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा स्थित ईएसआईसी अस्पताल के पास से 50 हजार रुपये कीमत का ई-रिक्शा चोरी हो गया। वहीं पुरानी बस्ती के भाठागांव में किराना सामान खरीदने के दौरान एक व्यक्ति की जेब से 40 हजार रुपये कीमत का सैमसंग मोबाइल फोन पार कर दिया गया। सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
मारपीट और धमकी के तीन मामलों में भी पुलिस ने अपराध दर्ज किए हैं। खम्हारडीह के गांधी नगर में घरेलू विवाद के दौरान भांजे ने अपने मामा के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। मुजगहन थाना क्षेत्र के सेजबहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बच्चे के साथ मारपीट का विरोध करने पर महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। वहीं सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ताज नगर में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है।
इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत खम्हारडीह और खमतराई थाना पुलिस ने विशेष कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब पिलाने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें खम्हारडीह के कचना अंडरब्रिज क्षेत्र से एक तथा खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी शराब भ_ी और ट्रांसपोर्ट नगर रावाभाठा इलाके से सात लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में विवेचना जारी है और चोरी की घटनाओं में आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर अवैध शराबखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

