धमतरी, 03 जुलाई (आरएनएस)। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों के नाम सूची से हटाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार गरीबों को उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित कर रही है।
उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों का हवाला देकर बड़ी संख्या में जरूरतमंद और गरीब परिवारों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से काट दिए गए हैं। इससे पात्र हितग्राही अपने आशियाने की उम्मीद में सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा तकनीकी खामियों का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा दिया जा रहा है।
तारिणी चंद्राकर ने आरोप लगाया कि जिन लोगों के सिर पर छत नहीं है, उन्हें नियमों और फाइलों की प्रक्रिया में उलझाकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की संवेदनहीनता के कारण गरीब परिवार दर-दर भटक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से गरीब वर्ग और किसान लगातार परेशान हो रहे हैं तथा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर कर वास्तविक पात्र हितग्राहियों के नाम दोबारा सूची में शामिल नहीं किए गए और उन्हें आवास की स्वीकृति नहीं मिली, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने सरकार से गरीबों के हित में तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

