धमतरी, 03 जुलाई (आरएनएस)। सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम खरेंगा हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति, महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में युवाओं को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने तथा अपराध और नशे के विरुद्ध सामाजिक चेतना विकसित करने के उद्देश्य से स्कूलों, महाविद्यालयों और गांवों में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम खरेंगा हाई स्कूल में यह कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, नशामुक्त जीवन के महत्व, महिला एवं बालिका सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, यातायात नियमों के पालन, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया।
बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीडऩ या साइबर अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना देने और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ उज्ज्वल भविष्य बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के सरल और व्यावहारिक उत्तर देते हुए उन्हें कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी प्रदान की।
धमतरी पुलिस ने बताया कि युवाओं में कानून के प्रति विश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी जिले के स्कूलों और महाविद्यालयों में लगातार आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, थाना अर्जुनी के पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

