०निर्माणाधीन बहुउद्देशीय केंद्र का किया निरीक्षण, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
०बहुउद्देशीय केंद्र में एक ही छत के नीचे होंगे, स्वास्थ्य सेवा, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं के लिए सुविधाएं
गरियाबंद,03 जुलाई(आरएनएस)। कलेक्टर बी.एस. उइके ने विकासखंड फिंगेश्वर अंतर्गत ग्राम पंचायत गुंडरदेही के आश्रित ग्राम बनगवां का दौरा कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों, मूलभूत सुविधाओं तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।दौरे के दौरान कलेक्टर ने सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य तथा अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से योजनावार जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि शासन की मंशानुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम राजिम श्री विशाल महाराणा सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। ग्रामीणों ने खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को दुरुस्त कराने, नल-जल योजना की पाइप लाइनों की मरम्मत, आधार कार्ड में त्रुटि सुधार तथा गंभीर कुपोषित बच्चों के बेहतर उपचार एवं पोषण की व्यवस्था संबंधी मांगें रखीं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर कुपोषित बच्चों को कुपोषण से मुक्त कराने के लिए शिक्षकों एवं ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।कलेक्टर श्री उइके ने ग्राम बनगवां में निवासरत कमार जनजाति के 24 परिवारों के 64 सदस्यों को शासन की सभी पात्रतामूलक योजनाओं से जोडऩे के निर्देश अधिकारियों को दिए। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी 24 परिवारों के प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत स्वीकृत आवास पूर्ण हो चुके हैं। कलेक्टर ने राशन कार्ड, आधार कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महतारी वंदन योजना, जॉब कार्ड, टीबी मरीजों, गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं, धान विक्रय करने वाले किसानों तथा उनके एग्रीस्टेक पंजीयन की भी जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा आधार कार्ड संबंधी समस्याएं बताए जाने पर कलेक्टर ने विशेष शिविर आयोजित कर सभी प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को टीबी मरीज का गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित उपचार सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करते हुए ईंट निर्माण, किराना दुकान संचालन, पशुपालन, सब्जी उत्पादन, दोना-पत्तल निर्माण सहित अन्य लघु उद्यमों की जानकारी उपलब्ध कराने और आवश्यक सहयोग देने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।दौरे के दौरान कलेक्टर ने गांव में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस भवन में स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी तथा स्व-सहायता समूहों के लिए सर्वसुविधायुक्त व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्री वॉल के किनारे फलदार पौधे लगाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती जीतू ज्योति बघेल, सचिव श्री कुलेश्वर कोसरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

