०वीबी-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के कार्यों का लिया जायजा
कोण्डागांव,03 जुलाई(आरएनएस)। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण विकास कार्यों का सघन निरीक्षण कर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान भोई ने जनपद पंचायत कोण्डागांव, माकड़ी एवं फरसगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत लंजोड़ा, जुगानी कलार, बालोंड, चिलपुटी एवं सितली का दौरा किया। उन्होंने वीबी-जी राम जी अभियान के अंतर्गत संचालित तालाब गहरीकरण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन निर्माण तथा ग्राम पंचायत भवन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने सभी कार्य स्वीकृत प्राक्कलन एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।इसके उपरांत भोई ने जनपद पंचायत फरसगांव कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीबी-जी राम जी अभियान के अंतर्गत मस्टर रोल जनरेशन की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को डिजिटल प्रक्रियाओं का प्रभावी पालन सुनिश्चित करते हुए योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी (वीबी-जी राम जी), संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक अभियंता, आवास कार्यक्रम अधिकारी, विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव, सरपंच, रोजगार सहायक एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

