कोंडागांव, 03 जुलाईं (आरएनएस)। कोंडागांव जिले के अनंतपुर थाना पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को तलाश कर सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। बालिका के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
पुलिस के अनुसार, अनंतपुर थाना क्षेत्र के तिलियाबेड़ा निवासी बोटी राम कोर्राम ने 25 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री 22 जून को बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और अन्य स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चलने पर थाना अनंतपुर में गुमशुदगी दर्ज कर अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक स्निग्धा सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुमशुदा बालिका कोंडागांव शहर स्थित महेन्द्र क्लॉथ स्टोर में काम कर रही है।
सूचना के आधार पर सहायक उपनिरीक्षक रामरतन मरकाम के नेतृत्व में पुलिस टीम परिजनों के साथ कोंडागांव पहुंची। थाना कोंडागांव की महिला प्रधान आरक्षक आशो मरकाम के सहयोग से बालिका को महेन्द्र क्लॉथ स्टोर से सुरक्षित बरामद किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रामरतन मरकाम, प्रधान आरक्षक भूपेंद्र मरकाम, प्रधान आरक्षक भावेश मंडावी तथा महिला प्रधान आरक्षक आशो मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बालिका के सकुशल मिलने पर उसके माता-पिता और ग्रामीणों ने अनंतपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली की प्रशंसा की।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

