रायपुर,03 जुलाई (आरएनएस)। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के छात्रावास में छत का एक हिस्सा गिरने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाकर टांके लगाए गए। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
घटना के विरोध में एनएसयूआई के प्रदेश सचिव महताब हुसैन के नेतृत्व में छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र कुलपति की गाड़ी के सामने लेट गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान महताब हुसैन ने आरोप लगाया कि छात्रावासों की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मरम्मत कराई गई होती तो यह हादसा नहीं होता। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एनएसयूआई ने छात्रावासों की मरम्मत और रखरखाव के लिए स्वीकृत बजट, उसके उपयोग और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू), इंजीनियरिंग शाखा और जिम्मेदार अधिकारियों पर विभागीय व कानूनी कार्रवाई कर उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग भी उठाई है।
संगठन ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय छात्रावासों का स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट कराने की भी मांग की है। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और छात्रावासों की जर्जर स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में व्यापक रूप दिया जाएगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

