कोरबा, 03 जुलाई (आरएनएस)। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत कोरबा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली और चौकी मानिकपुर पुलिस ने सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाकर 11 निगरानीशुदा गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर उनका सत्यापन किया और भविष्य में अपराध करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभियान के तहत थाना कोतवाली और चौकी मानिकपुर पुलिस ने नगर निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी के नेतृत्व में विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोटर साइकिल और पैदल पेट्रोलिंग की।
पुलिस टीम ने पुराने बस स्टैंड, सीतामणी चौक, मोतीसागरपारा, पावर हाउस रोड, राताखार चौक, सर्वमंगला, फोकटपारा, पानी टंकी मोहल्ला, शुभम ब्लॉक, मुड़ापार, रविशंकर नगर और अमरेया पारा सहित कई क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
पेट्रोलिंग के दौरान आम नागरिकों को नशामुक्ति, कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया।
इसके अलावा थाना कोतवाली और चौकी मानिकपुर क्षेत्र के 11 गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने उन्हें शांतिपूर्ण जीवन जीने, किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और कानून का पालन करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि भविष्य में किसी भी अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत सघन पेट्रोलिंग, निगरानी और अभियानात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

