चंडीगढ़ 03 Jully (Rns) । पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस हाईकमान द्वारा जारी नई संगठनात्मक सूची को लेकर पार्टी में असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। संगठन में किए गए फेरबदल के बाद कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मंत्रियों ने खुलकर तो नहीं, लेकिन नाराजगी के संकेत दिए हैं।
इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने लगातार दूसरे दिन अपने समर्थक विधायकों, पूर्व मंत्रियों और करीबी नेताओं की मोरिंडा स्थित आवास पर बैठक बुलाई, जिससे पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और गर्मा गई है।
वीरवार को भी चन्नी ने अपने समर्थकों के साथ बैठक कर नए संगठनात्मक ढांचे और आगे की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की थी। शुक्रवार को एक बार फिर उनके आवास पर समर्थक नेताओं का जुटना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पार्टी के भीतर असंतोष केवल व्यक्तिगत नाराजगी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे लेकर आगे की रणनीति पर भी मंथन किया जा रहा है।

