0 नक्सल प्रभावित बीजापुर में शिक्षा की नई सुबह, 37 बंद स्कूल दोबारा खुले
बीजापुर, 03 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। वर्ष 2005 से बंद पड़े 37 विद्यालयों का दोबारा संचालन शुरू कर दिया गया है। इनमें पीडिया क्षेत्र के 11 स्कूल भी शामिल हैं, जहां 21 साल बाद फिर से स्कूल की घंटी गूंजी और बच्चों की किलकारियों से परिसर गुलजार हो उठा।
जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। बच्चों को गणवेश, स्कूल बैग और अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 539 बच्चों ने नए सत्र में इन विद्यालयों में प्रवेश लिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने कहा कि बंद स्कूलों के पुन: संचालन से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को अब अपने गांव के पास ही शिक्षा की सुविधा मिलेगी। यह पहल शिक्षा के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
करीब दो दशक बाद फिर से गूंजी स्कूल की घंटी ने यह संदेश दिया है कि अब बीजापुर के दूरस्थ इलाकों में भी शिक्षा की नई रोशनी पहुंच रही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

