कोरबा, 03 जुलाई (आरएनएस)। कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत आज कीर्ति नगर स्थित केदारनाथ अग्रवाल जी के निवास पर उनके बड़े भाई स्वर्गीय रामकिशन अग्रवाल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचीं। इस दौरान टी.पी. नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने उनसे लंबे समय से बनी बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं से अवगत कराया।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना के कभी भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही बिजली विभाग में कर्मचारियों की कमी के कारण शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं हो पा रहा है।
जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने मौके से ही तुलसी नगर जोन के संबंधित अधिकारी अनंत से दूरभाष पर चर्चा कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार करने एवं उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बिजली विभाग में आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी उचित कार्रवाई करने को कहा, ताकि भविष्य में नागरिकों को इस प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े।
सांसद ने कहा कि आम जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े प्रत्येक विषय को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा तथा उनके त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
0

