रांची 3 जुलाई (आरएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता आबिद अली ने कहा कि 5 जुलाई 1997 को लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में स्थापित राजद ने पिछले 29 वर्षों से सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, संविधान की रक्षा तथा गरीब, पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को निरंतर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का 30वाँ स्थापना दिवस इस गौरवशाली यात्रा और जनसरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर है। आबिद अली ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा दी और वंचित वर्गों को सम्मानजनक राजनीतिक भागीदारी दिलाई। वहीं रबड़ी देवी ने इस विचारधारा को मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव युवाओं, किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए सामाजिक न्याय की इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजद झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने सभी जिला अध्यक्षों और जिला इकाइयों को 5 जुलाई को पार्टी का 30वाँ स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाने के निर्देश दिए हैं। आबिद अली ने सभी कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने और सामाजिक न्याय, संविधान तथा धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

