भोपाल 3 जुलाई (आरएनएस)।महापौर मालती राय ने संत हिरदाराम नगर में ई-बस चार्जिंग डिपो का निरीक्षण किया और डिपो में प्रचलित कार्यों एवं कार्य पद्धति की जानकारी प्राप्त करते हुए सभी प्रचलित कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कर डिपो को संचालित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अंजू अरूण कुमार, महापौर परिषद के सदस्य मनोज राठौर सहित निगम व बी.सी.एल.एल के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
महापौर मालती राय ने शुक्रवार को संत हिरदाराम नगर में निर्माणाधीन ई-बस चार्जिंग डिपो का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर राय ने मेंटीनेंस वर्कशाप में प्रचलित सिविल कार्यों सहित एडमिन यूनिट के फिनिशिंग सहित अन्य शेष कार्यों तथा ई-बस चार्जिंग की प्रक्रिया के साथ ही बसों के आवागमन एवं डिपो में बसे खड़ी करने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। महापौर राय ने मेंटीनेंस वर्कशाप के सभी प्रचलित सिविल व अन्य कार्यों को निर्धारित मानकों अनुसार शीघ्रता से पूर्ण करने, एडमिन यूनिट के फिनिशिंग सहित शेष कार्यों को भी तेज गति से पूर्ण करने तथा मुख्य द्वार के बाहर पैवर ब्लॉक लगाने के निर्देश दिए। महापौर राय ने सभी कार्यों को पूर्ण कर डिपो का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर राय को अवगत कराया गया कि शीघ्र ही 65 ई-बसे भोपाल आने वाली है। इस चार्जिंग स्टेशन पर 01 बस को चार्ज होने में एक से सवा घंटे का समय लगेगा।

