दुर्ग, 03 जुलाईं (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने वृद्ध महिला की देखरेख के लिए रखी गई केयरटेकर और उसके प्रेमी को घर से नकदी चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रायपुर से पकड़कर उनके कब्जे से 23,500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन सहित कुल 43,500 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के सूर्या विहार कॉलोनी, जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध माता की देखभाल के लिए पिछले करीब दो वर्षों से ममता चौहान को केयरटेकर के रूप में रखा गया था। 26 और 27 जून को घर में विवाह समारोह होने के कारण परिवार के सदस्य व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपी महिला ने मौका पाकर अलमारी में रखी नकदी चोरी कर ली और बिना बताए घर छोड़कर चली गई।
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 933/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके आधार पर पुलिस टीम ने रायपुर पहुंचकर ममता चौहान और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में ममता चौहान ने स्वीकार किया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा ने पैसों की जरूरत बताते हुए उसे चोरी करने के लिए उकसाया था। उसने घर की अलमारी से नकदी चोरी करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 23,500 रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत 43,500 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ममता चौहान (27 वर्ष), निवासी पिथौरा, जिला महासमुंद तथा शीतल वर्मा (27 वर्ष), निवासी सारागांव, जिला रायपुर के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक मो. अहफाज खान, जितेंद्र कुशवाहा, आरक्षक गोविंद साहू, हर्षित शुक्ला, महिला आरक्षक जयश्री तथा मीरा वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू सहायकों और केयरटेकर का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल 112 पर दें।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

