बिलासपुर, 04 जुलाई (आरएनएस)। बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भाड़म में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके दो पुत्र शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई सिंगरौल शुक्रवार सुबह अपने खेत में मवेशियों के प्रवेश को रोकने के लिए जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ उनके दो बेटे विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद थे। इसी दौरान तीनों किसी तरह करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद जब वह खेत पहुंचे तो वहां तीनों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर उन्होंने तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। शनिवार को पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए।
प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि, खेत की घेराबंदी के दौरान जीआई तार में करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

